बागेश्वर में बाल श्रम को रोकने के लिए श्रम और पुलिस विभाग ने नगर में श्रम मुक्त अभियान चलाया। संयुक्त टीम ने नगर के व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। व्यापारियों को दुकान, रेस्टारेंट, ढाबे में 14 साल से कम उम्र के बच्चे को काम पर नहीं रखने को प्रेरित किया। जिला श्रम प्रवर्तन अधिकारी पीआर शैल के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने नगर के माल रोड, एसबीआई तिराहे, चौक बाजार, बागनाथ गली, दुग बाजार आदि क्षेत्रों में दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान किसी भी दुकान में बाल श्रमिक कार्य करता नहीं पाया गया। श्रम अधिकारी शैल ने बताया कि जहां भी बाल श्रमिक काम करते हुए पाया जाता है। उसे संरक्षण में लेकर शिक्षा दिलाने का काम किया जाता है। बच्चों से कार्य करवाने वाले संस्थान के मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का भी प्रावधान है। एसआई मीना रावत ने कहा कि कुछ बच्चे गरीबी के कारण बाल श्रम करने को मजबूर होते हैं। ऐसे बच्चों को काम से मुक्त कराकर शिक्षा दिलाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इस मौके पर बाल कल्याण समिति के सदस्य कैलाश सिंह बोरा, चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रकाश उपाध्याय, ललित मोहन, पराविधिक कार्यकर्ता सीमा खेतवाल आदि मौजूद रहे।