बागेश्वर जिले में व्यावसायिक सिलिंडर की आपूर्ति बाधित होने का असर होटल, रेस्टोरेंट कारोबारियों पर पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू सिलिंडर मिलने में भी दिक्कत हो रही है। सिलिंडर नहीं मिलने से आक्रोशित व्यापारियों ने कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। डीएम को ज्ञापन देकर आपूर्ति बहाल करने की मांग की। शुक्रवार को व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष बबलू नेगी के नेतृत्व में शिष्टमंंडल डीएम से मिला। व्यापारियों ने बताया कि व्यावसायिक सिलिंंडर की सप्लाई रोकने के बाद से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, चाय की दुकान और फास्ट फूड के फड़ लगाने वालों को दिक्कत हो रही है। कुछ कारोबारी लकड़ी से भोजन बनाने लगे हैं, लेकिन कई कारोबारियों के पास इस तरह की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में प्रतिष्ठान बंद करने की नौबत आने लगी है। कहा कि गैस की आपूर्ति नहीं होने से कई कारोबारियों को बेरोजगारी की मार झेलनी पड़ सकती है। व्यापारियों ने सिलिंडरों की उचित व्यवस्था नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। इस मौके पर जिला महामंत्री अनिल कार्की, नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष सूरज जोशी, महामंत्री देवेंद्र अधिकारी, नरेंद्र खेतवाल, दीपक जोशी, सुरेश सोनियाल, किशन राम आदि मौजूद रहे।