अल्मोड़ा। पहाड़ की लाइफ लाइन अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग 109 पर डेंजर जोन क्वारब 47 दिनों बाद बुधवार को फिर से सभी प्रकार के वाहनों के लिए खुल गया है। इससे यात्रियों को राहत मिली। वहीं क्वारब-चौसली वैकल्पिक मार्ग चार दिनों तक सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद कर दिया है। क्वारब डेंजर जोन के पास लगातार भूस्खलन के बाद बीते 29 मई से एनएच को सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया था। मार्ग बंद होने के बाद यात्रियों को चौसली-क्वारब वैकल्पिक मार्ग से भेजा जा रहा था। हालिया बारिश में इस मार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन होने से मलबा और बोल्डर आ गए। भूस्खलन होने से मार्ग आवागमन के लिए असुरक्षित हो गया है। संभावित खतरे के दृष्टिगत इस मार्ग को बुधवार से आगामी 18 जुलाई तक सभी प्रकार के वाहनों के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। वहीं 47 दिन बाद अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग 109 पर डेंजर जोन क्वारब से 47 दिनों बाद सभी प्रकार के वाहनों का संचालन फिर से शुरू हो गया है। अल्मोड़ा-क्वारब-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग लंबे समय बाद खुलने से लोगों को राहत मिली है।