शाहगंज, जौनपुर। नगर के एराकियाना मोहल्ले स्थित एक मैरेज लॉन में सोमवार को निकाह की तैयारियां चल रही थीं। बारात भी पहुंच चुकी थी, लेकिन नाबालिग से शादी कराए जाने की सूचना पर महिला कल्याण विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंच गई। दस्तावेजों की जांच में किशोरी की उम्र कम पाए जाने पर निकाह रुकवा दिया गया। इसके बाद बारात बिना निकाह के ही लौट गई। महिला कल्याण विभाग की टीम किशोरी को अपने साथ ले गई और मामले की जांच शुरू कर दी। सूचना मिलते ही पहुंची टीम नगर के आजमगढ़ मार्ग स्थित एक कॉलोनी निवासी किशोरी का विवाह प्रतापगढ़ जिले के एक गांव के युवक से तय हुआ था। सोमवार को बारात एराकियाना मोहल्ले के मैरेज लॉन में पहुंची थी। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने महिला कल्याण विभाग को सूचना दी कि शादी के लिए लाई गई किशोरी नाबालिग है। सूचना मिलते ही विभाग की टीम सक्रिय हो गई और पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गई।