वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विस्तार के साथ सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह बदलने जा रही है। नए एयरपोर्ट में लंदन और दुबई एयरपोर्ट की तर्ज पर हाईटेक सिक्योरिटी सिस्टम लागू होगा। यहां स्मार्ट सर्विलांस, ऑटोमेटेड स्क्रीनिंग, बायोमेट्रिक पहचान, एक्सेस कंट्रोल और एआई आधारित निगरानी जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा। एयरपोर्ट पर नई टर्मिनल बिल्डिंग, टनल और रनवे का निर्माण दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद एयरपोर्ट की यात्री क्षमता करीब तीन गुना बढ़ जाएगी। अभी यहां सालाना करीब 39 लाख यात्री आते-जाते हैं, जबकि विस्तार के बाद यह संख्या एक करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है। वाराणसी एयरपोर्ट की हाईटेक सुरक्षा में यात्रियों के साथ कर्मचारियों, एजेंसियों और अधिकृत वाहनों पर भी नजर रहेगी। डिजिटल एक्सेस कंट्रोल, स्मार्ट कार्ड और बायोमेट्रिक सत्यापन से प्रवेश नियंत्रित होगा। आधुनिक एक्स-रे और विस्फोटक पहचान तकनीक से बैगेज की जांच होगी। वहीं, एआई आधारित सर्विलांस संदिग्ध गतिविधियों और यात्रियों को तुरंत पहचानकर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करेगा।