वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ, कोईराजपुर में ओवर ब्रिज के नीचे बुधवार को दोपहर में वाराणसी रोडवेज से जलालपुर, जौनपुर जा रही सिटी बस से अचानक धुआं निकलने लगा। रिंग रोड चौराहा पार करते ही बस से निकल रहा धुआं देखकर चालक ने बस रोक दी। बस रूकते ही उसमें सवार यात्री चीखते हुए कूदने लगे। इस दौरान वहां कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। इस दौरान किराया वापस लेने के दौरान कंडक्टर और यात्रियों में कहासुनी भी हुई। कंडक्टर ने बताया कि बस में 35 यात्री सवार थे। कंडक्टर ने कहा कि बैटरी के समीप शार्ट सर्किट के चलते आग लगी थी। धुआं निकलता देख बस को रोक दिया गया। यात्रियों का किराया वापस कर दिया गया।