संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के 44वें दीक्षांत समारोह के अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलाधिपति और उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मेधावी छात्र-छात्राओं को पदक व उपाधियां प्रदान कर सम्मानित किया। इस समारोह में दो मुस्लिम छात्राओं, तमन्ना बानो और कायनात खानम ने अपनी लगन और कड़ी मेहनत के बल पर विशेष स्थान हासिल करते हुए मेडल अपने नाम किए। प्रयागराज की रहने वाली तमन्ना बानो ने आयुर्वेद से बीएएमएस (BAMS) की डिग्री पूरी कर यह मुकाम हासिल किया है। अपनी इस सफलता का पूरा श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता को दिया। तमन्ना ने बताया कि उनके लिए यह राह आसान नहीं थी; उनके बिजनेसमैन पिता चाहते थे कि वह एमबीबीएस करें, लेकिन तमन्ना का रुझान शुरू से ही आयुर्वेद की ओर था। माता-पिता को आयुर्वेद की पढ़ाई के लिए सहमत करने में उन्हें करीब एक साल का समय लगा, लेकिन इस दौरान भी उन्होंने अपनी लगन और पढ़ाई जारी रखी।