राजघाट पुल पर एक युवक ऊपरी गडर पर चढ़ गया। युवक को पुल की रेलिंग पर चढ़ा देख लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को 112 नंबर पर सूचित किया। जिसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची और युवक को उतरने की अपील की लेकिन युवक उतरने को तैयार नहीं था। परिजन भी जानकारी पाकर राजघाट पुल पर पहुंच गए। पुल के गडर से लगातार अपना सिर मार रहा युवक कुछ देर में अचेत हो गया। साहस दिखाते हुए उसके परिजन भी पुल की रेलिंग पर चढ़ गए और रस्सी से बांध कर उसे नीचे उतारा गया। इस दौरान मौके पर मौजूद रामनगर थाने की पुलिस और यातायात पुलिस के जवान मुकदर्शक बन कर खड़े रहे। हालांकि युवक की इस हरकत के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है लेकिन उसके इस ड्रामें की वजह से पुल पर जाम की स्थिति बन गई। बाद में यातायात पुलिस ने जाम व्यवस्थित किया। युवक मानसिक तौर पर परेशान बताया जा रहा है।