कराटे खिलाड़ी आकांक्षा वर्मा को गोल्ड मेडल देते हुए राज्यपाल आनंदी पटेल ने उनसे पूछा, कभी किसी को पंच मारा है क्या। इस पर आकांक्षा ने उतने की जोश से कहा- हां, कई बार। अब तो किसी की हिम्मत नहीं होती कि मुझसे पंगा ले। आकांक्षा ने राज्यपाल को ये भी बताया कि विद्यापीठ में 100 से ज्यादा कराटे खिलाड़ी तैयार हो रहे हैं। आकांक्षा ने बताया कि वो ओलंपिक में देश के लिए मेडल लाना चाहती हैं। अभी वो काशी विद्यापीठ से बीपीएड कर रही हैं। आकांक्षा अब तक नेशनल में तीन गोल्ड और तीन ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी हैं। साउथ एशियन गेम्स में दो ब्रॉन्ज मेडल जीते। एशियन चैंपियनशिप में उन्हें सातवीं रैंक मिली। इसके साथ ही यूनिवर्सिटी कराटे गेम्स 2023-24 में एक गोल्ड और एक ब्रॉन्ज मेडल मिल चुका है। ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी में एक सिल्वर मेडल जीत चुकी हैं।