फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाराणसी में 50 ताजियों के जुलूस पर रहेगी ड्रोन से निगरानी; VIDEO

मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को दशाश्वमेध सर्किल में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने की। इसमें दशाश्वमेध, चौक और लक्सा थाना क्षेत्रों के ताजियादारों, आयोजकों, धर्मगुरुओं तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में एसीपी ने सभी ताजियादारों और आयोजकों से पारंपरिक तरीके से जुलूस निकालने तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मोहर्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जुलूसों में व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक ताजिया कमेटी को अपने वालंटियर्स की सूची संबंधित थाना पुलिस को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान ताजियादारों ने अपनी समस्याओं और सुझावों को प्रशासन के समक्ष रखा। एसीपी ने संबंधित विभागों को समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बिजली विभाग को जुलूस मार्गों का निरीक्षण कर निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने तथा झूलते तारों सहित अन्य तकनीकी समस्याओं को दूर करने के लिए कहा गया। इसके अलावा नगर निगम और अन्य विभागों को भी साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि पूरे सर्किल में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा सभी प्रमुख जुलूसों की ड्रोन कैमरों से मॉनिटरिंग की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष दशाश्वमेध सर्किल में कुल 50 ताजिए रखे जाएंगे, जिनमें दशाश्वमेध थाना क्षेत्र में 25, चौक थाना क्षेत्र में 20 और लक्सा थाना क्षेत्र में 5 ताजिए शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन का उद्देश्य मोहर्रम पर्व को पूरी शांति, सुरक्षा और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराना है, जिसके लिए सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें