अखंडनगर थाना क्षेत्र के खानपुर पिलाई गांव में मंगलवार को मामूली विवाद के बाद कुछ अराजक तत्वों ने गांव निवासी उमाशंकर दुबे की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया था। परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने से पहले कुछ समय मांगा ताकि रिश्तेदार मौके पर पहुंच सकें, तभी पुलिस ने परिजनों के साथ बर्बरता की। महिलाओं और पुरुषों को पीटा गया, जिससे परिवार और ग्रामीणों में गहरा रोष फैल गया। बृहस्पतिवार सुबह शव का अंतिम संस्कार किया जाना था, लेकिन पुलिस की कार्रवाई से नाराज परिजन और ग्रामीण तब तक तैयार नहीं हुए जब तक कि हत्या में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा नहीं दिया गया। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, कादीपुर विधायक राजेश गौतम और कादीपुर के पुलिस उपाधीक्षक विनय गौतम पहुंचे। तीनों ने पीड़ित परिवार से बातचीत कर उनकी मांगें आर्थिक सहायता, जमीन आवंटन और दोषियों पर सख्त कार्रवाई को जिले के उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। विधायक राज प्रसाद उपाध्याय ने सरकार से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया, जिसके बाद परिवार अंतिम संस्कार के लिए राजी हुआ। प्रशासन की मौजूदगी में पैतृक गांव में शांतिपूर्वक अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया। घटना के बाद क्षेत्र में शांति है, लेकिन ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों पर शीघ्र और कठोर कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।