प्रयागराज महाकुंभ में दर्शन स्नान के लिए वृंदावन से अनोखे साधुओं की एक टोली निकली हुई है। 9 लोगों की इस टोली में 8 साधु अंधे हैं और एक साधु के सहारे वे पूर्वांचल के विभिन्न धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर रहे हैं। ढोल मजीरे की थाप पर नाचते गाते ये साधु इस समय सुल्तानपुर पहुंचे हुए हैं। दरअसल मथुरा वृंदावन के रमण रेती के रहने वाले 9 साधुओं की टोली इस समय सुल्तानपुर पहुंची हुई है। हैरानी इस बात की है कि इस टोली का एक सदस्य ही ऐसा है जिसकी दोनों आंखें सही सलामत हैं, जबकि अन्य सभी 8 साधु जन्म से अंधे हैं। बावजूद इसके इन्हीं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर इन लोगों ने काशी विश्वनाथ और अयोध्या धाम में दर्शन पूजन कर लिया है और अब प्रयागराज जा रहे हैं। हाथों में ढोल मजीरे सहित तमाम वाद्य उपकरण के जरिए वे जगह-जगह रुककर लोगों को भजन सुनाते हैं और बरबस ही अपनी तरफ लोगों का मन मोह रहे हैं। इसके एवज में भजन सुनने वाले इनकी थोड़ी बहुत मदद कर दे रहे हैं। बहरहाल अब इनका काफिला प्रयागराज की तरफ निकल चुका है जहां ये तीर्थों के राजा प्रयागराज में महाकुंभ में शामिल हो संगम में स्नान पूजन करेंगे और वहां से किसी अन्य धार्मिक स्थल के लिए रवाना हो जाएंगे।