चोपन थाना क्षेत्र के पनारी ग्राम पंचायत के टोला गड़वानी में मंगलवार की शाम प्रेमी युगल का शव जंगल में पेड़ से लटकता मिला। युवक का शव गमछे के सहारे था तो युवती का गला दुपट्टे से बंधा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार की दोपहर बाद कुछ लोग लकड़ी लेने के लिए टोला गड़वानी के ओबरा डैम के किनारे गए हुए थे। वहां उनकी नजर तेंदू के पेड़ से लटकते युवक-युवती के शव पर पड़ी।दोनों का चेहरा एक-दूसरे के आमने-सामने था। शव के नीचे ही मछली-चावल भी रखा हुआ था। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। उनकी पहचान अशोक खरवार (19) और सीता कुमारी (18) के रूप में हुई। घटनास्थल से दोनों का घर करीब दो सौ मीटर दूर है। सूचना पाकर तत्काल सीओ डॉ. चारू द्विवेदी व चोपन थानाध्यक्ष विजय कुमार चौरसिया फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। शव को फंदे से उतारकर पुलिस ने छानबीन शुरू की। लड़के की मां लीलावती देवी ने बताया कि बेटा सुबह 11 बजे नाश्ता कर घर से निकला था। दोनों के प्रेम संबंध के बारे में किसी को जानकारी नहीं थी। अगर पता होता तो उनकी शादी करा दी जाती। लड़की के भाई ने भी दोनों के बीच किसी तरह का संबंध होने की जानकारी से इनकार किया। एएसपी कालू सिंह ने भी देर शाम घटनास्थल का निरीक्षण किया। बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।