दुद्धी नगर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में शुक्रवार को गेट बंद होने से विद्यालय में प्रवेश न मिलने से नाराज छात्राएं सड़क पर उतर आईं। प्रबंधन पर मनमानी का आरोप लगाते हुए अभिभावकों ने हंगामा मचाया। प्रबुद्ध लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज का संचालन सुबह साढ़े सात बजे से होता है। इससे पहले तक सभी छात्राओं को विद्यालय में प्रवेश कर लेना होता है। शुक्रवार को तय समय सीमा के 20 मिनट बाद सुबह 7.50 बजे मेन गेट बंद कर दिया गया। इससे बड़ी संख्या में छात्राएं बाहर ही रह गई। काफी कोशिश के बाद भी गेट न खुलने पर छात्राएं कॉलेज के सामने हाईवे पर जमा हो गईं। अभिभावकों ने हंगामा शुरू कर दिया। उनका कहना था कि आदिवासी बहुल क्षेत्र में गांव दूर-दूर हैं। पक्के रास्ते नहीं हैं। साधन का भी अभाव है। फिर भी छात्राएं रोजाना स्कूल आ रही हैं। प्रबंधन के इस रुख से छात्राओं का मनोबल टूटा है। स्कूल आने की जल्दी में वह हादसे की शिकार हो सकती हैं। काफ़ी देर तक गेट पर हंगामा चलता रहा। बाद में प्रबुद्ध लोगों के हस्तक्षेप पर मामला शांत हुआ। विद्यालय की प्रधानाचार्य एसके श्रीवास्तव का कहना था कि विद्यालय में अनुशासन बनाने और समय से कक्षाओं का संचालन करने के लिए ऐसा किया गया है। समय के बाद भी 20 मिनट तक प्रवेश दिया गया है। कोई भी कदम छात्राओं के हित के लिए होता है। अभिभावकों से भी सहयोग की जरूरत है।