सपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। भाजपा सरकार में आदिवासी और अनुसूचित जाति पर उत्पीड़न बढ़ने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपते हुए उत्पीड़न की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व सपा के जिला सचिव प्रमोद यादव ने किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में हत्या, लूट, बलात्कार और दलित उत्पीड़न की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। सोनभद्र के विंढमगंज क्षेत्र में एक बुजुर्ग के साथ पुलिसकर्मियों के दुर्व्यवहार की निंदा करते हुए कहा कि अगर जिले में ऐसे उत्पीड़न नहीं रुके तो समाजवादी पार्टी जनआंदोलन करने को बाध्य होगी। सपा नेता मनीष त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा शासन में हर वर्ग के लोग परेशान हैं। आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता इस सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी। महिला सभा की जिलाध्यक्ष गीता गोंड ने कहा कि प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है। प्रदर्शन में अल्पसंख्यक सभा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष फारुक अली जिलानी, सुरेश अग्रहरि, सुरेंद्र भारती, राजेश यादव, प्रभावती भारती, गुड़िया कोल, राजू बियार, मुन्नी भारती, विनोद भारती, मुन्ना कुशवाहा, सरोज पासवान, अरविंद पटेल आदि शामिल रहे। संचालन अल्पसंख्यक सभा के जिला उपाध्यक्ष जुनैद अंसारी ने किया।