विंढमगंज रेलवे स्टेशन पर यात्री ट्रेनों का ठहराव नहीं किए जाने के विरोध में बुधवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने गांधी पार्क में काला झंडा लेकर जुलूस निकालकर नारेबाजी किए। ग्रामीण ट्रेन रोकने से संबंधित स्लोगन लिखे तख्ती हाथों में लेकर चल रहे थे। ग्रामीणों ने विंढमगंज रेलवे स्टेशन पर यात्री ट्रेनों का ठहराव अविलंब शुरू कराए जाने की मांग की। गांधी पार्क में दोपहर 12 बजे स्थानीय ग्रामीण एकत्रित हुए। यहां से हाथ में काला झंडा व ट्रेन रुकेगा जब, मतदान होगा तब, जैसे स्लोगन लिखे नारे के साथ सुभाष तिराहा से चलकर वीआईपी गली, खानी मार्केट से जुलूस निकालते हुए पुन: गांधी पार्क में पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किए। वक्ताओं ने बताया कि करीब साल से अनवरत क्षेत्र के कई गांवों के ग्रामीणों की तरफ से विंढमगंज रेलवे स्टेशन पर रांची-चोपन एक्सप्रेस, स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस का ठहराव तथा त्रिवेणी एक्सप्रेस का संचालन को लेकर सांसद, विधायक, भाजपा जिला अध्यक्ष, राज्यसभा सांसद, अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष समेत रेल मंत्रालय के विभिन्न अधिकारियों के माध्यम से ठहराव व संचालन के लिए कई बार पत्राचार कर चुके हैं। मगर अब तक ट्रेनों का ठहराव व संचालन नहीं हो सका है। व्यापार मंडल के महामंत्री विकास कुमार जायसवाल उर्फ टिंकू का कहना है कि हम ग्रामीणों को झारखंड की राजधानी रांची व प्रदेश की राजधानी लखनऊ जाने के लिए इस रूट पर ट्रेन का संचालन तो होता है। मगर ठहराव नहीं होने के कारण हम सभी लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि हम सभी लोग आने वाले चुनाव में मतदान का बहिष्कार करेंगे, जब तक ट्रेन का ठहराव व संचालन नहीं होगा तब तक हम लोग मतदान नहीं करेंगे। विरोध प्रदर्शन में व्यापारी सुजित कुमार, रामचंद्र जायसवाल, मुर्तुजा अंसारी, मुकेश कुमार केसरी, दीपक गुप्ता, अशोक जायसवाल, अनीश, मुन्नू, डॉ.राज कपूर सिंह, प्रेमचंद उपाध्याय, शशिकांत तिवारी, दीपू जायसवाल, दीप रतन गुप्ता, गोरख प्रजापति, आकाश जायसवाल, रामानंद सागर आदि शामिल रहे।