श्री राणी सती दादी के प्राकट्य दिवस पर रॉबर्ट्सगंज स्थित मंदिर में चल रहे दो दिवसीय पूजन समारोह का समापन रविवार को कलश यात्रा के साथ हुआ। श्रीराणी सती दादी भक्त महिला मंडल की तरफ से निकाली गई कलश यात्रा में बड़ी संख्या में भक्तगण शामिल हुए। रॉबर्ट्सगंज स्थित दूधनाथ मंदिर से विभिन्न मांर्गो से होते हुए गाजे बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली गई। इससे पहले राणी सती दादी मंदिर में भव्य शृंगार करते हुए छप्पन भोग लगाया गया। रात में जागरण का भी आयोजन हुआ। इसमें बड़ी संख्या में भक्तगण शामिल हुए। शनिवार की रात में हुए जागरण में प्रसिद्ध भजन गायक प्रतीक मिश्रा एवं सुनीता साँवरिया एवं उनके सहयोगियों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। भजन दादी दादी बोल दादी सुन लेसी, सुन लेसी दादी सुन लेसी, कीर्तन की है रात, दादी थान आनो पड़सी तथा मैं तेरा लाडला, हार के आया हूं दादी तेरे दरबार में आदि भजनों से मंदिर परिसर पूरी रात भक्तिमय बना रहा और भक्त झूमते रहे। दूसरे दिन रविवार को मंदिर कमेटी की तरफ से दादी जी का फूल मालाओं से भव्य शृंगार कराय गया। दादी जी की ज्योत जलायी गई तथा छप्पन भोग लगाया गया। इस मौके पर विमल जालान, पुरुषोत्तम जालान, दिनेश जालान, विजय कानोडिया, रमेश गोयल, राकेश जालान, संकेत जालान, रवि जालान, विप्लव जालान, मीरा, अनिता थरड, चित्रा जालान, अंकिता केजरीवाल, नीलम जैन, खुशबू खेतान, अनिता, रितु, रिंकी आदि शामिल रहे।