नशा मुक्ति अभियान के तहत शुक्रवार को नगर में जागरूकता रैली निकाली गई। पुलिस, श्रीगंगाराम बौद्ध शिक्षण संस्था और संस्कार लाइब्रेरी के संयुक्त बैनर तले निकली रैली के जरिए लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। धर्मशाला चौक पर रैली को रॉबर्ट्सगंज कोतवाल सत्येंद्र राय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए स्वर्ण जयंती चौक पर पहुंची। रैली संयोजक रामचंद्र मौर्य ने नशा मुक्त समाज के महत्व को रेखांकित करते हुए जागरूकता अभियान को हर घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। प्राथमिक शिक्षक संघ के पूर्व अध्यक्ष लल्लन सिंह ने इस मुहिम को सराहनीय बताया और युवाओं को प्रेरित करने की आवश्यकता पर बल दिया। संस्कार लाइब्रेरी के संस्थापक राजेश सिंह ने नशा मुक्ति के फायदों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की। श्री गंगाराम बौद्ध शिक्षण संस्था के प्रबंधक इं. कुश मौर्य ने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान को विस्तार से समझाया। रैली में शामिल बच्चे और युवा नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो और स्वस्थ समाज की पहचान, नशा मुक्त हिंदुस्तान... के नारे लगाते रहे। कार्यक्रम में रोहित मौर्य, अनुराग गुप्ता, दीपक कुमार आदि शामिल रहे।