रॉबर्ट्सगंज थाने के उरमौरा में बृहस्पतिवार को मनबढ़ों ने बाइक मिस्त्री पर हमला बोल दिया। तीन बाइक से छह-सात की संख्या में आए हमलावरों ने लाठी-डंडे से जमकर पिटाई की। आरोप है कि चाकू से भी हमला हुआ। हमले में बाइक मिस्त्री के सिर में गंभीर चोट आई। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख वाराणसी रेफर कर दिया। कम्हारी निवासी राजू का पुत्र हिमांशु (20) उरमौरा में बाइक मरम्मत का कार्य करता है। बृहस्पतिवार को दिन में वह दुकान पर मरम्मत का कार्य कर रहा था। इसी दौरान बाइक से छह-सात की संख्या में आए युवकों ने उस पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडे से उसकी जमकर पिटाई है। आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियार का भी इस्तेमाल किया। हमले में हिमांश लहूलुहान हो गया। आसपास के लोग दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे तो हमलावर भागने लगे। एक आरोपी को लोगों ने पकड़ लिया। घायल हिमांशु को आनन-फानन जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। कोतवाल सत्येंद्र राय ने बताया कि दोनों पक्षों में आपस का विवाद था। पूर्व में भी उनके बीच मारपीट हो चुकी है। घायल युवक के मां की तहरीर पर अभिजित गोस्वामी व अन्य अज्ञात युवकों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने हमले में चाकू के इस्तेमाल से इंकार किया है।