सीतापुर। खैराबाद कस्बे के मां गौरी स्वीट्स में बृहस्पतिवार को अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान से उठती ऊंची लपटों व धुएं के गुबार को देखकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग सहम गए। लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया और दमकल विभाग को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सूचना के बावजूद फायर ब्रिगेड की गाड़ी करीब 45 मिनट बाद मौके पर पहुंची। तब तक आग दुकान के अधिकांश हिस्से को अपनी चपेट में ले चुकी थी। दमकलकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। घटना में दुकान में रखा सामान जलकर खाक हो गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।