महाशिवरात्रि पर जिले के सभी शिवालयों में बुधवार भोर से ही बम बम भोले हर-हर महादेव के उद्घोष गूंज उठे। भक्तों ने भगवान शिव का दूध, जल, बेल पत्र, धतूरा, भांग, दही आदि से अभिषेक किया। आज विभिन्न स्थानो से शिव बरात निकलेगी और जगह-जगह भंडारे आयोजित किए जा रहे हैं। शहर के बाबा जंगलीनाथ मंदिर, श्यामनाथ मंदिर, त्रिकोणनाथ मंदिर समेत सभी शिवालयों में महाशिवरात्रि पर विशेष रौनक देखी जाने लगी। शहर के त्रिकोणनाथ मंदिर में भगवान शंकर व माता पार्वती का विवाह संपन्न कराया जाएगा। मालगोदाम के शिव मंदिर में जागरण का आयोजन होगा। शिवालयों में भोलेनाथ के पूजन व जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटेगी। शिव बरात निकालने के साथ भंडारे आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा धार्मिक नगरी नैमिषारण्य में देव-देवेश्वर मंदिर, रूद्रावर्त तीर्थ, आर्यावर्त तीर्थ, भूतेश्वरनाथ मंदिर, सिद्धेश्वरनाथ मंदिर में महादेव की पूजा के लिए श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। लहरपुर के बाबा जंगलीनाथ मंदिर, बिसवां के पत्थर शिवाला, सिधौली के प्राचीन सिद्धेश्वर मंदिर, संदना के कैलाश मंदिर, सूर्यकुंड मंदिर हरगांव, बैजनाथ धाम महोली आदि मंदिरों में भी श्रद्धालु दर्शन-पूजन व जलाभिषेक के लिए कतारों में खड़े नजर आए।