कोतवाली लहरपुर क्षेत्र के ग्राम गंगादीनपुरवा में अज्ञात कारणों के चलते गन्ने के खेत में भीषण आग लग गई। भारी संख्या में किसानों ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाने का प्रयास किया। असफल होने पर अग्निशमन विभाग को सूचना दी। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। इलाके के गंगादीनपुरवा में सोनेलाल के गन्ने के खेत में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जलते हुए गन्ने की खबर स्थानीय ग्रामीणों को हुई तो भारी संख्या में किसानों ने आग पर काबू पाने का भरसक प्रयास किया। परंतु आग इतनी विकराल थी कि सारे प्रयास असफल हो गए। ग्रामीणों ने आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग को दी। मौके पर पहुंचे लहरपुर अग्निशमन प्रभारी हंस कुमार सिंह व उनकी टीम के समरजीत राव ने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक कई बीघा गन्ना जलकर नष्ट हो गया। फसल अवशेष जलाने पर हुआ हादसा अग्निशमन प्रभारी हंस कुमार सिंह ने बताया कि पास के किसान महबूब द्वारा अपने खेत मे फसल अवशेष को जलाया गया था। जिसके चलते ही गन्ने के खेत में आग लग गई थी। जिसे अग्निशमन की टीम के द्वारा बुझा दिया गया है।