सीतापुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को शहर स्थित पुलिस लाइंस परिसर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव एवं जनपद के नोडल अधिकारी पी. गुरु प्रसाद ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। उनके साथ विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) पवन सिंह चौहान, नगर पालिका परिषद सीतापुर की अध्यक्ष नेहा अवस्थी, नमींद्र अवस्थी तथा पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक और अधिकारी उपस्थित रहे। योग प्रशिक्षक के निर्देशन में सभी प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए तथा नियमित योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन प्रदान करती है। उन्होंने लोगों से दैनिक जीवन में योग को अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों, अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर योग के प्रति जागरूकता और उत्साह का परिचय दिया।