कमलाभारी के मजरा कमली निवासी एक युवक का शव बुधवार सुबह गांव के बाहर बेर के पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला। वहीं उसकी मोबाइल व अन्य सामान बाग में पड़ा मिला। मौके पर पहुंचे मृतक के पिता ने पुत्र की हत्या की आशंका जताते हुए गिलौला पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेजा है। गिलौला क्षेत्र के ग्राम कमला भारी के मजरा कमली निवासी विवेक उर्फ बेगे (18) पुत्र गंगाराम मंगलवार रात खाना खाकर टहलने निकला था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। परिजन पूरी रात उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह तलाश करते हुए गांव के पास स्थित नौरैया बाग पहुंचे परिजनों ने देखा कि विवेक की चप्पल, पर्स व मोबाइल बाग में पड़ी थी। आसपास तलाश के दौरान बाग से करीब 200 मीटर दूर खेत में लगे एक बेर के पेड़ में गमछे के फंदे के सहारे विवेक का शव लटक रहा था। इसकी सूचना गंगाराम को गिलौला पुलिस को दी। सूचना पर फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। इस बारे में थानाध्यक्ष जयहरि मिश्रा का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।