महाशिवरात्रि पर निकाले गए जुलूस में बुधवार को शामिल होकर देर रात वापस घर लौटा बालक ट्राली से उतरते समय पहिया के नीचे आ गया जिसे गंभीर हालत में संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा लाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सिरसिया थाना क्षेत्र के चिल्हरिया स्थित शिव मंदिर से बुधवार को शिव विवाह की झांकी निकाली गई थी। यह झांकी आसपास गांवों से भ्रमण कर वापस शिव मंदिर पहुंची। इस दौरान झांकी में शामिल ट्रैक्टर ट्राली से गांव निवासी विश्वनाथ उपाध्याय का छह वर्षीय पुत्र अमित कुमार भी गया था। जैसे ही अमित ट्राली के पहिए पर पैर रख नीचे उतरने लगा तभी चालक ने ट्राली को साइड लगाने के लिए बढ़ा दिया। इस दौरान अचानक अमित ट्राली के नीचे आ गया उसके सिर पर ट्राली का पहिया चढ़ गया। उसे आनन फानन में एंबुलेंस से संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची भिनगा कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, बालक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। घटना की सूचना के बाद पहुंचे थानाध्यक्ष सिरसिया राज कुमार सरोज ने घटनास्थल का जायजा लिया।