यूपी के श्रावस्ती में सोनवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चंदरखा बुजुर्ग निवासी राजा दशरथ (19) को बृहस्पतिवार की देर शाम भिनगा-बहराइच फोरलेन पर नेवरिया के पास तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल राजा दशरथ को जिला चिकित्सालय भिनगा लाया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने बताया कि राजा दशरथ मंगलवार को बाइक से बरदेहरा गांव निवासी अपने नाना मायाराम के घर गए थे। वहां से देर शाम वापस लौटे। किसी काम से नाना के घर से सीधे लक्ष्मणनगर चले गए। वहां काम खत्म होने के बाद वो बाइक से घर लौट रहे थे। इस दौरान नेवरिया मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने राजा दशरथ के बाइक में टक्कर मार दी। चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना सोनवा पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल राजा दशरथ को एंबुलेंस से संयुक्ता जिला चिकित्सालय भिनगा भेजवाया। वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मृतक के पिता चेतराम ने कार्रवाई के लिए थाने पर तहरीर दी है।