शामली। कांधला थाना क्षेत्र के गांव रामपुर खेड़ी में शुक्रवार को बंदरों के हमले में महिला की मौत हो गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से बंदरों से निजात दिलाने की मांग की है। गांव रामपुर खेड़ी निवासी पिंकेश (40) पत्नी मिंटू घर के बाहर उपले बना रही थी। इसी दौरान बंदरों के झुंड ने अचानक महिला पर हमला बोल दिया। बंदरों के हमले से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास मौजूद लोग दौड़े, लेकिन तब तक महिला ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। बताया गया है कि मृतका की बड़ी बेटी रूप की शादी हो चुकी है। परिवार में 16 वर्षीय बेटा अरविंद और 12 वर्षीय बेटा शिव हैं। मृतका का पति मिंटू ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। पत्नी की मौत के बाद परिजनों में गम का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे लोग भय के साये में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। वहीं मृतका के पति मिंटू ने शासन-प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।