शाहजहांपुर जिले के खुटार क्षेत्र के गांव चांदपुर से खुटार जाने वाले मार्ग पर सोमवार शाम एक बाघ को देखा गया। ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए बाघ को दौड़ दिया। किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है, जिससे ग्रामीण बाघ के पीछे दौड़ते दिख रहे हैं। गनीमत रही कि बाघ ने हमला नहीं किया। अन्यथा बड़ी घटना हो सकती थी।
सोमवार शाम कुछ लोग खुटार से गांव चांदपुर की ओर जा रहे थे। चांदपुर के महेश बाबा स्थान के पास एक बाघ गन्ने के खेत से निकलकर रोड के पास चकरोड पर आ गया। शोर मचाने पर बाघ वापस गन्ने में चला गया। खेत की पगडंडी पर कुछ लोग बाघ होने की बात कहकर अन्य लोगों को बाघ दिखा रहे थे।
शोर होने पर बाघ पगडंडी पर आगे बढ़ा तो लोग शोर मचाते हुए उसके पीछे दौड़ने लगे। ऐसे में बाघ पीछे मुड़कर हमलाकर देता तो लोगों की जान भी जा सकती थी। रेंजर दिनेश बडोला ने बताया कि किसी ने बाघ होने की जानकारी पर वनकर्मियों को जांच के लिए मौके पर भेजा गया है।