शाहजहांपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना में कथित अनियमितताओं को लेकर महिलाओं ने डूडा विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को सुदामा प्रसाद कॉलेज के सामने महिलाएं अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गईं। उन्होंने विभाग पर पात्र लाभार्थियों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच कराने की मांग की है। सर्व धर्म समिति की प्रदेश अध्यक्ष रीना शर्मा का आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 76 पात्र लाभार्थियों के आवास निरस्त कर दिए गए हैं। इससे जरूरतमंद परिवारों के सामने आवास का संकट खड़ा हो गया है। कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि पात्रों के आवास निरस्त किए जाने के मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। इस मौके पर नीलम हांडा, शकीला, वकार वारसी आदि मौजूद रहे।