शाहजहांपुर। नगर पंचायत निगोही में सफाई कर्मचारियों को हटाए जाने के विरोध में स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ ने सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। जिसमें कर्मचारियों ने एडीएम को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को दिया। जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार के नेतृत्व में दिए ज्ञापन में आरोप लगाया कि नगर पंचायत में सफाई कर्मचारियों का शोषण किया जा रहा है। द्वेषभाव के चलते कर्मचारियों को काम से हटाया जा रहा है, जबकि जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारी उनसे अपने घरों में काम करा रहे हैं। संघ ने चेतावनी दी कि 72 घंटे के अंदर मांगों का समाधान नहीं हुआ तो कर्मचारी हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे। नायब तहसीलदार ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। ज्ञापन देने वालों में अनिल, अमन कुमार, राजीव कुमार, दिनेश कुमार, नीतिश कुमार, विमल, शिवम, मनोज और सुरजीत आदि मौजूद रहे।