शाहजहांपुर में लगातार बारिश के बाद सोमवार को टाउन हॉल स्थित जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र में जलभराव हो गया। कार्यालय परिसर और मुख्य प्रवेश द्वार के सामने पानी भरने से तालाब जैसी स्थिति बन गई। बारिश का पानी कार्यालय के अंदर तक पहुंच गया, जिससे महत्वपूर्ण फाइलों के भीगने का खतरा पैदा हो गया। जलभराव के कारण अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय के मुख्य गेट पर ही रुक गए। सुरक्षा के दृष्टिकोण से कुछ समय तक किसी को भी कार्यालय के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया। कर्मचारियों के अनुसार, हॉकी मैदान को ऊंचा किए जाने के कारण बारिश का पानी उद्योग केंद्र की ओर आ गया, जिससे यह स्थिति बनी। उपायुक्त उद्योग संजय सिंह ने बताया कि सुबह ही स्थिति की जानकारी मिलने पर महत्वपूर्ण फाइलों को सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया गया था। नगर निगम को सूचना दे दी गई है। जल्द ही पानी निकासी की व्यवस्था कराई जाएगी।