शाहजहांपुर में आठ दिसंबर को होने वाले पल्स पोलियो बूथ दिवस के लिए जागरूक करने को शुक्रवार को रैली निकाली गई। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने लोगों को जागरूक करने के लिए नारे लगाए। कलेक्ट्रेट परिसर से डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने रैली को हरी झंडी दिखाई। इसके बाद छात्र छात्राएं रवाना हुई। सबसे आगे बेसिक शिक्षा विभाग का स्काउट गाइड बैंड चल रहा था। उसके पीछे विभिन्न स्कूलों से आए छात्र-छात्राओं की टोली पल्स पोलियो के लिए जागरूक करने वाले नारे लगाते हुए चल रही थी। रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए शहीद उद्यान में समाप्त हुई। सीएमओ डॉ. आरके गौतम ने पल्स पोलियो बूथ दिवस के अवसर पर सभी अध्यापकों से अपने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने की अपील की। कार्यक्रम में एसीएमओ डॉ. पीपी श्रीवास्तव,डिप्टी सीएमओ डॉ. मनोज मिश्रा, डॉ. आसिफ अली, वीरेंद्र शर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।