शाहजहांपुर जिले में चोर भगवान के घर को भी नहीं छोड़ रहे। मंदिरों में लगातार चोरियां हो रहीं हैं। शनिवार रात तिलहर क्षेत्र में मंदिर से चोरी हुई थी। रविवार रात आरसी मिशन थाना क्षेत्र में मंदिर को चोरों ने निशाना बनाया। यहां से घंटे और दानपात्र के रुपये चोर ले गए। थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के लालबाग स्थित हनुमान मंदिर में रविवार देर रात चोरी हो गई। मंदिर की देखरेख कर रहे महात्मा राधेश्याम ने बताया कि मंदिर परिसर में टीनशेड डलवाने के लिए दानपात्र में रुपये इकट्ठे किए थे। रविवार रात करीब 11 बजे वह मंदिर के कपाट बंद कर सो गए थे। सुबह करीब 4:30 बजे सो कर उठे तो देखा कि मंदिर में बंधे 12 किलो, 10 किलो, पांच किलो के घंटे के साथ ही छोटे-बड़े अन्य घंटे गायब थे। दानपात्र का ताला टूटा हुआ था। दान पात्र में रखी सारी नकदी गायब थी। राधेश्याम ने बताया कि दानपात्र में छह-सात हजार रुपये होंगे। पुलिस को तहरीर दे दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है।