शाहजहांपुर में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष मुनीश मिश्रा ने वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष के आठ ब्लॉक अध्यक्षों के साथ अलग होकर जिलाध्यक्ष बनने पर यशपाल सिंह यादव को पद से बर्खास्त कर दिया। उन्हें प्राथमिक सदस्यता से छह वर्ष के लिए निष्कासित भी कर दिया। स्पष्ट किया कि जिले के प्रत्येक ब्लॉक में तदर्थ समितियों के माध्यम से जल्द ही निर्वाचन कराएंगे। संघ का एक धड़ा यशपाल सिंह के साथ जाने के बाद बृहस्पतिवार को जिलाध्यक्ष मुनीश मिश्रा ने शिक्षकों की एकजुटता प्रदर्शित की। शहर के एक रेस्टोरेंट में पत्रकार वार्ता में मुनीश मिश्रा ने कहा कि अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कुछ शिक्षक प्रतिदिन संगठन बदलकर स्वयं मालाएं पहन लेते हैं, लेकिन ऐसे लोग शिक्षक एकजुटता की जड़ों में मट्ठा डालने का कार्य कर रहे हैं। जिला मंत्री देवेश वाजपेयी ने बताया कि कुछ तथाकथित लोग शिक्षकों को यह कहकर भ्रमित कर रहे हैं कि आठ ब्लॉक शाखाएं उनके नियंत्रण में हैं। वास्तविकता यह है कि अनुशासनहीनता में निष्कासित व्यक्ति संघ के पदाधिकारी और सदस्य नहीं हैं। बताया कि संघ संविधान के अनुसार उन आठों विकास खंडों में संघ संयोजकों के नेतृत्व में तदर्थ समितियां गठित कर दी गईं हैं, जो सदस्यता सूची तैयार कर रहीं हैं। 15 दिनों के अंदर पूर्णतया वैधानिक एवं पारदर्शी निर्वाचन कराकर नई कार्यकारिणी का गठन कर दिया जाएगा। मीडिया प्रभारी राजकुमार तिवारी ने कहा कि प्रांतीय आदेश प्राप्त होते ही निष्पक्ष, पारदर्शी और शत-प्रतिशत संवैधानिक चुनाव कराए जाएंगे।