शाहजहांपुर में पर्यावरण संरक्षण व पौधरोपण के विशेष अभियान एक पेड़ मां के नाम-2.0 के तहत मेरा युवा भारत शाहजहांपुर, वन विभाग व जिला गंगा समिति के संयुक्त तत्वावधान में मुमुक्षु आश्रम स्थित स्वामी धर्मानंद सरस्वती इंटर कॉलेज में चित्रकला प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी, पौधरोपण व वृहद रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वन विभाग की टीम व माय भारत द्वारा कॉलेज प्रांगण में सहजन व अमरूद के पौधे लगाकर छात्रों को पौधरोपण के लिए प्रेरित किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता में सत्यम वर्मा प्रथम, वासू प्रताप मौर्य द्वितीय व मो. फैज तृतीय रहे। प्रश्नोत्तरी में वैभव मिश्रा ने पहला, अमन ने दूसरा और अनिकेत ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वन विभाग के रेंजर शत्रुघ्न प्रसाद ने युवाओं को वन सप्ताह के महत्व के बारे में बताते हुए उनकी इस अभियान में महती भूमिका पर प्रकाश डाला। जिला युवा अधिकारी मयंक भदौरिया ने कहा कि एक पेड़ लगाना आने वाली पीढ़ी को स्वास्थ्य लाभ देने के समान है। यह दायित्व युवाओं का है कि अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाने व उनके संरक्षण के लिए प्रेरित हों। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अमीर सिंह ने कहा कि जितना सम्मान हम अपनी मां को देते हैं, उतना सम्मान हमें पेड़ लगाकर पर्यावरण को भी समर्पित करना चाहिए। जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे डॉ. विनय कुमार सक्सेना, युवा सर्व कल्याण समिति के अध्यक्ष व असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रूपक श्रीवास्तव, शिक्षक अनिल कुमार मालवीय ने भी छात्रों को प्रेरित किया। इस अवसर पर लेखा एवं कार्यक्रम सहायक सोनम सचान, शिक्षक रामनयन वर्मा, शिक्षक मोहम्मद कमर, वन विभाग से डिप्टी रेंजर अजय राणा, वन दरोगा पुष्पेंद्र कुमार, वन दरोगा सुशील कुमार आदि मौजूद रहे।