शाहजहांपुर के जलालाबाद का रोडवेज बस स्टेशन बहुत जल्द आधुनिक सुविधाओं से लैस होकर नए कलेवर में नजर आएगा। शासन ने इसके आधुनिकीकरण के लिए करीब 5.26 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस की देखरेख में बरेली की कुमार ट्रेडिंग कंपनी जुलाई के पहले सप्ताह से निर्माण कार्य शुरू करा देगी। बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे से कुछ दूर खंडहर मार्ग पर स्थित नगर का बस स्टेशन काफी पुराना और विस्तृत एरिया वाला है, लेकिन वहां पेयजल, बैठने के लिए पर्याप्त शेड, विश्रामालय आदि यात्रियों की सुविधा से जुड़ी जरूरतों का हमेशा अकाल बना रहा। यही नहीं, स्टेशन परिसर काफी नीचा होने से बरसात के दौरान होने वाला जलभराव यात्रियों को काफी परेशान करती है। इन्हीं जरूरतों को पूरा और खामियां दूर करने के लिए शासन ने इसके पुनर्निर्माण को मंजूरी दी है। कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस इसको लेकर विस्तृत सर्वे पहले ही चुकी है।