शाहजहापुर के पुवायां बिजली उपकेंद्र पर कई गांवों के किसानों ने लो-वोल्टेज की समस्या से परेशान होकर उपकेंद्र के गेट को बंद कर दिया। कर्मचारियों के आने-जाने पर रोक लगा दी। जमुनिया फीडर से जुड़े गांव बालेमऊ, मुड़िया कुर्मियात, रामपुर हीरा, जलालपुर, सबलपुर, तिंदुआ नगरिया, नवलपुर, चिलौटा, मुडिगवां, गुनाह खमरिया, ररुआ आदि गांवों के किसान बुधवार को एकत्र होकर पुवायां के बिजली उपकेंद्र पहुंचे। बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। कुछ देर बाद किसानों ने बिजली उपकेंद्र का गेट बंद कर अधिकारियों और कर्मचारियों के आने-जाने पर रोक लगा दी। एसडीओ जगदीश सिंह की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो किसानों ने खुद ही गेट खोल दिया। एसडीओ ने किसानों को समझाया कि लो वोल्टेज की समस्या को समाप्त करने के लिए प्रयास किया जा रहा है। दोपहर डेढ़ बजे तक किसान उपकेंद्र पर ही डटे हुए हैं और लाइन को बदलवाने का प्रयास करा रहे हैं।