शाहजहांपुर में हनुमान जयंती पर मंदिरों में बजरंगबली की पूजा-अर्चना की गई। हनुमतधाम पर आयोजित श्रीरामचरित मानस पाठ का विश्राम हुआ। इसके बाद भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। बृहस्पतिवार को श्रद्धालुओं ने धूमधाम से हनुमान जयंती मनाई। मंदिरों में पहुंचकर श्रद्धालओं ने हनुमान चालीसा का पाठ किया और दर्शन कर आशीर्वाद लिया। हनुमत धाम पर पहुंचकर वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बजरंग बली की 104 फुट प्रतिमा के दर्शन किए। यहां पर बुधवार से श्रीरामचरित मानस का अखंड पाठ चल रहा था। बृहस्पतिवार को अखंड पाठ का विश्राम हुआ। इसके बाद आयोजित भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। शाम को यहां पर भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा जिसमें सुप्रसिद्ध गायिका स्वाति मिश्रा और वृंदावन के भजन गायक राधिकेश भजन प्रस्तुत करेंगे।