केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने मंगलवार को 12वीं की परीक्षाओं का परिणाम घोषित कर दिया। इसमें शाहजहांपुर जिले के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। परिणाम देखकर उनके चेहरे खुशी से खिल गए। जिले में सीबीएसई के करीब 40 स्कूल हैं। इनमें 10वीं और 12वीं में 5999 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। दसवीं में 3343 और 12वीं में 2656 छात्र पंजीकृत थे। नौ केंद्रों पर परीक्षा हुई थी। मंगलवार को अचानक परीक्षा परिणाम की घोषणा की गई। छात्र-छात्राओं को जानकारी हुई तो उन्होंने मोबाइल से साइट पर जाकर परिणाम देखा। थोड़ी देर के लिए साइट भी काम नहीं कर रही थी। परीक्षा परिणाम आशा के अनुरूप आने पर परीक्षार्थियों के चेहरे खिल गए। माता-पिता के साथ मित्रों ने भी सफलता पर बधाई दी। वहीं, परिणाम आने के बाद तक्षशिला पब्लिक स्कूल में छात्र-छात्राओं को प्रबंधक ने मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया।