पुवायां के गांव सकरापुर के पास खेतों में नईम की तलाश करते परिजन और गांव के लोग। संवाद
पुवायां। युवक के फोन से अपहरण और फिरौती के लिए कॉल पहुंचने पर परिजनों में खलबली मच गई। देर रात तक पुवायां और खुटार पुलिस युवक की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस मामला संदिग्ध मान रही है।
पुवायां थाना क्षेत्र के गांव सकरापुर निवासी सज्जाद ने पुलिस को बताया कि उनका 18 वर्षीय पुत्र नईम शाम सात बजे किसान सहकारी चीनी मिल के पास हाईवे किनारे टहल रहा था। इसी बीच उसका कार सवार लोग अपहरण कर ले गए हैं। नईम के मोबाइल से ही कॉल कर 20 हजार रुपये मांगे गए। रुपये नईम की यूपीआई पर ही भेजने को कहा गया था। रुपये भेजने के बाद कहा गया कि एक घंटे बाद नईम को खुटार-गोला मार्ग पर जंगल में छाेड़ दिया जाएगा।
सज्जाद की सूचना पर यूपी-112 और खुटार पुवायां की पुलिस ने नईम की तलाश शुरू की। उसके मोबाइल की लोकेशन गोला रोड के जंगल के स्थान पर गांव सकरापुर से कुछ ही दूर मिलने पर दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची तो कुछ ही देर बाद नईम का मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। रात साढ़े नौ बजे तक पुलिस मोबाइल लोकेशन वाले स्थान के आसपास खेतों में नईम की तलाश कर रही है। पुवायां के थाना प्रभारी हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि नईम की तलाश चल रही है। फिरौती मांगे जाने आदि का मामला संदिग्ध है।
हमीरपुर में अंबेडकर सम्मान यात्रा निकालते हुए कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता। स्रोत : संवाद