आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर शनिवार को जिले में प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सक्रिय नजर आई। जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने पहले कोतवाली खलीलाबाद में आयोजित थाना समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इसके बाद तामेश्वरनाथ मंदिर परिसर में शांति समिति की बैठक कर लोगों से सौहार्द बनाए रखने की अपील की तथा अधिकारियों के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। थाना समाधान दिवस के दौरान डीएम और एसपी ने पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का मौके पर जाकर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों का निस्तारण आपसी समन्वय से किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने शिकायत पंजिका का निरीक्षण कर पहले से निस्तारित मामलों का फीडबैक भी लिया। इसके बाद तामेश्वरनाथ मंदिर परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक में डीएम और एसपी ने संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं और स्थानीय लोगों के साथ संवाद किया। उन्होंने सभी से आगामी पर्वों को भाईचारे, शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने या सांप्रदायिक सौहार्द खराब करने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक के बाद अधिकारियों ने मंदिर परिसर और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों एवं प्रमुख बाजारों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहकर प्रभावी पुलिसिंग करने के निर्देश दिए गए। गश्त का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना रहा। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद जयप्रकाश दूबे सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।