बीमा क्लेम की रकम हड़पने वाले अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। न्यायालय के आदेश पर थाना बहजोई पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों की कुल 11 करोड़ 89 लाख 51 हजार रुपये की अवैध संपत्ति कुर्क कर दी है। यह कार्रवाई जनपद संभल के अलावा वाराणसी, बदायूं और गौतमबुद्धनगर में की गई। संपत्तियों पर लाउडस्पीकर से मुनादी कराई गई और नोटिस चस्पा कर उन्हें सील कर दिया गया। मौके पर सीओ बहजोई डॉ. प्रदीप कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।