लौहपुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में बुधवार को नगर पालिका परिषद चंदौसी की ओर से गांधी पार्क स्थित कार्यालय से एकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक व गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। रैली में एसएम इंटर कॉलेज, श्री अक्रूरजी कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, एफआर इंटर कॉलेज, नानक चंद आदर्श इंटर कॉलेज, राजेश कुमार सरस्वती इंटर कॉलेज, रामप्यारी कन्या इंटर कॉलेज आदि के छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक शामिल हुए। विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर एकता का संदेश और सरदार पटेल अमर रहें जैसे देशभक्ति के नारे लगाए। रैली के दौरान सरस्वती इंटर कॉलेज के छात्र बैंड की धुन पर कदमताल करते नजर आए, जिससे पूरे मार्ग में देशभक्ति का माहौल बन गया। वहीं, डीजे की धुन पर बच्चे और स्थानीय नागरिक भी झूमते दिखे। रैली नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस गांधी पार्क पहुंची, जहां राष्ट्र एकता और सरदार पटेल के योगदान पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख डॉ. सुगंधा सिंह, पालिकाध्यक्ष लता वार्ष्णेय, ईओ धर्मराज राम, भाजपा नगर अध्यक्ष अंकुर अग्रवाल आदि मौजूद रहे।