सहारनपुर के नागल क्षेत्र के गांव तांशीपुर निवासी मोहम्मद शालिम उर्फ चंदू अपनी दुल्हन को लेने हेलीकॉप्टर से ससुराल पहुंचे। उनकी शादी सहारनपुर देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव बीजोपुर निवासी जमशेद की बेटी जुनेद परवीन से तय हुई थी। दूल्हा अपने परिवार के साथ करीब 20 किलोमीटर की दूरी हेलीकॉप्टर से तय कर ससुराल पहुंचा। हेलीकॉप्टर को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और परिवार का भव्य स्वागत किया गया। शालिम ने बताया कि बचपन से ही उनका सपना था कि उनकी बरात हेलीकॉप्टर से पहुंचे। शादी के बाद दुल्हन की विदाई भी हेलीकॉप्टर से हुई। इस अनोखी विदाई को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और लोगों ने हेलीकॉप्टर के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।