रायबरेली के हरचंदपुर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर खेड़ा गांव में मंगलवार रात एक मकान में सेंधमारी हुई। अज्ञात चोर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर गए। गांव निवासी संकठा प्रसाद का परिवार रात में बरामदे में सो रहा था। इसी दौरान चोरों ने मकान की पिछली दीवार में सेंध लगाई। वे अलमारी और बक्सों से करीब 2 किलो चांदी, डेढ़ तोला सोना चुरा ले गए। साथ ही 7 हजार रुपये नकद भी चोरी हुए। बुधवार सुबह परिवार के जागने पर कमरे में सामान बिखरा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। घर से करीब 100 मीटर दूर एक खाली बक्सा, सूटकेस और टीवी बरामद हुए। हरचंदपुर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने जांच जारी होने और जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।