रायबरेली में दिवाली से पहले मिलावटखोरी और घटिया खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर तहसील के रसेहता में 163 किलो घटिया नमकीन के साथ ही तकिया बूढ़नपुर में 3.90 लाख रुपये कीमत का 837 पैकेट पान मसाला जब्त कर लिया। प्रथम दृष्टया जांच में मानक सही न मिलने पर यह कार्रवाई की गई। नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया। खाद्य आयुक्त और डीएम के निर्देश पर जिले में मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान चल रहा है। मुखबिर की सूचना पर बृहस्पतिवार को सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय मानिक चंद्र सिंह ने सदर तहसील के अमावां क्षेत्र में कई प्रतिष्ठानों में छापा मारा। रसेहता में अर्जुन सिंह के नमकीन निर्माण स्थल में पहुंचकर खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय प्रताप सिंह व उदय राज मौर्य ने नमकीन की गुणवत्ता की जांच की। गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर 163 किलोग्राम नमकीन को जब्त कर सीज कर दिया। नमकीन की कीमत 17930 रुपये है। नमूना लेकर जांच के लिए भेजा। इसके अलावा टीम ने तकिया बुढ़नपुर स्थित सचिन किराना स्टोर पर भी कार्रवाई की। यहां से कायम पान मसाला का एक नमूना लिया। जांच में कई खामियां मिलने के बाद 3.90 लाख रुपये कीमत के 837 पैकेट कायम पान मसाला जब्त कर लिया। इसके अलावा कई और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खामियों को दूर कराने के लिए नोटिस दी। सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय ने बताया कि दिवाली को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा।