रायबरेली के डीह थाना क्षेत्र में जलपरी का शो देखने को लेकर दो पक्षों में हुई कहासुनी के बाद मारपीट में एक युवक घायल हो गया है। वहीं अन्य को मामूली चोटें आई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जलपरी शो संचालक व विवाद कर रहे एक युवक को हिरासत में लिया है। चौकी क्षेत्र के परशदेपुर कस्बे के रामलीला मैदान में सोमवार को दशहरा मेले में लगे जलपरी शो को देखने के लिए कुछ युवक बिना टिकट लिए ही प्रवेश करने लगे तो संचालक ने बिना टिकट के प्रवेश नही दिया और कहा कि पहले टिकट लो उसके बाद प्रवेश मिलेगा।इसी बात को लेकर दोनो पक्षों में कहा सुनी होने लगी और बात इतनी बढ़ी कि दोनों पक्षो से लाठी डंडे व लात घूंसे चलने लगे। दोनों पक्षो में हुई मारपीट में एक युवक के सिर में गम्भीर चोटें आई हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को हिरासत में लिया है। इस दौरान मेले में आए लोगों के बीच अफरा तफरी का माहौल मच गया और देखते ही देखते लोगों का मजमा लग गया। वहीं देर रात पुलिस ने दोनों पक्षों को छोड़ दिया। मारपीट के मामले में एक पक्ष के अनूप शुक्ला ने परशदेपुर चौकी में जलपरी शो संचालक सहित दस बारह अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट किये जाने की तहरीर पुलिस को दी है। वहीं जलपरी शो संचालक राकेश कुमार ने बताया कि बिना टिकट प्रवेश कर रहे थे,टिकट लेकर अंदर जाने की बात कही तो गाली देते हुए मारपीट करने लगे,यही नही शो में काम करने वाली लड़कियों से भी अभद्रता की है। वहीं दूसरे पक्ष के शुभम शुक्ला ने बताया कि चाचा के लड़के को लेकर मेला देखने गए थे,वहा जलपरी का शो चल रहा था हम लोग भी पहुंचे और 50 रुपये का टिकट लिए और उनको अंदर भेज कर बाहर खड़े होकर इंतजार करने लगे इसी दौरान संचालक द्वारा बाहर जाने को कहा तो हमने कहा कि एक लड़का अंदर गया है उसी का इंतजार कर रहा हूँ। इतने में वो लोग मारपीट पर आमादा हो गए और मारपीट शुरू कर दिए और मेरे चाचा के लड़के को कड़े से मारा जिसमे उसका सर फट गया है। सलोन सीओ यादुवेन्द्र बहादुर पाल ने बताया की मामला संज्ञान में नही है। अगर मारपीट हुई है तो जाँच कर कार्रवाई की जाएगी।