रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के दो गांवों में चोरों ने एक ही रात में दो घरों को निशाना बनाया। चोर दोनों घरों से लाखों रुपये कीमत के सोने चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शोभवापुर गांव निवासी सुखराम के मुताबिक शुक्रवार रात वह परिवार के साथ घर के बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर छत के रास्ते आंगन में कूदे। इसके बाद कमरे की जाली काटकर अंदर घुस गए। चोरों ने बक्सों में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पार कर दी। सुबह परिजनों के जागने पर चोरी की जानकारी हुई। सुखराम ने बताया कि चोर करीब 16 लाख रुपये कीमत के जेवरात और 40 हजार रुपये नकद ले गए हैं। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। वहीं बचन का पुरवा मजरे अंबारा पश्चिम गांव में चोरों ने शिवसागर के घर को निशाना बनाया। चोर घर के पीछे की दीवार में नकब लगाकर अंदर घुसे। इसके बाद करीब एक लाख रुपये कीमत के जेवरात और नकदी चोरी कर फरार हो गए। दोनों घटनाओं को लेकर पुलिस जांच में जुटी है।