रायबरेली में लालगंज कस्बा के रायबरेली रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग संख्या-71बी पर मंगलवार दोपहर रेलवे क्रॉसिंग पर चलती कार में आग लग गई। कार चालक ने वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए फायर एक्सटिंग्विशर और समर्सिबल पंप की मदद से आग पर काबू पाया। घटना से कुछ देर के लिए सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जली हुई कार को सड़क से हटवाया। इसके बाद आवागमन धीरे-धीरे सुचारू हो सका। कार चालक उन्नाव निवासी दीपक सिंह ने बताया कि वह मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। रेलवे क्रॉसिंग खुलने के बाद जैसे ही आगे बढ़े कार में अचानक आग लग गई। समय रहते बाहर निकलने से बड़ा हादसा टल गया।