रायबरेली के लालगंज कस्बा में आवारा सांडों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बृहस्पतिवार को मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहीं तीन बुजुर्ग महिलाओं पर दो आवारा सांडों ने हमला कर दिया। हादसे में तीनों महिलाएं घायल हो गईं। इनमें दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना सराफा मंडी मोहल्ले की है। सब्जी मंडी निवासी जमुना देवी (70), सराफा मंडी निवासी सरस्वती देवी (70) और रामा देवी (70) मंदिर में दर्शन करने के बाद पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान सड़क पर आपस में लड़ रहे दो आवारा सांड अचानक उनकी ओर दौड़ पड़े और हमला कर दिया। हमले से तीनों महिलाएं सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर मौजूद दुकानदारों ने किसी तरह सांडों को खदेड़ा। इसके बाद महिलाओं की जान बच सकी। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जमुना देवी और सरस्वती देवी की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। तीसरी महिला का उपचार सीएचसी में किया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि कस्बे में आवारा सांडों का आतंक बढ़ता जा रहा है। कई गली मोहल्लों में सांड खुलेआम घूमते रहते हैं। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से आवारा पशुओं को पकड़कर गौशाला भेजने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।